
Deoghar: बिहार के बेतिया जिले के कालीबाग थाना में दर्ज कांड संख्या 184/25 के सिलसिले में गिरफ्तार तीन आरोपितों को कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद बेतिया पुलिस अपने साथ लेकर रवाना हो गई।

गिरफ्तार आरोपितों में जामताड़ा जिले के नवाडीह निवासी एजाजुल खान, मिठू खान और शेर खान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपितों ने पहले अपनी गलत पहचान बताई थी, जिससे उनकी वास्तविक पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी। मामले की जांच के दौरान बेतिया पुलिस ने आरोपितों के आधार कार्ड मंगवाकर उनकी पहचान का सत्यापन कराया।

सत्यापन में सही पहचान सामने आने के बाद पुलिस ने न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया। कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद तीनों आरोपितों को आगे की पूछताछ और अनुसंधान के लिए बेतिया ले जाया गया।
बेतिया पुलिस के अनुसार, आरोपितों पर गोल्ड बॉन्ड में निवेश कराने के नाम पर आकर्षक लाभ का प्रलोभन देकर लोगों से ठगी करने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि इन लोगों ने बेतिया शहर के वार्ड संख्या-5 स्थित एमजेके नगर पक्की फुलवारी निवासी संतोष यादव को निवेश पर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। इसी बहाने आरोपितों ने अलग-अलग स्थानों पर उनसे करीब 10.80 लाख रुपये प्राप्त कर लिए।
पुलिस का कहना है कि आरोपितों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी नामों का भी इस्तेमाल किया था, ताकि ठगी के बाद उनकी पहचान आसानी से न हो सके। मामले में आगे की जांच जारी है और बेतिया पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर ठगी के नेटवर्क तथा अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।


