
Deoghar: देवघर पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पाथरौल थाना क्षेत्र से सात साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 15 जुलाई को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध साइबर अपराध में संलिप्त सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में उनके पास से बरामद मोबाइल फोन व सिम कार्ड साइबर ठगी में प्रयुक्त होने की पुष्टि हुई है।

गिरफ्तार आरोपियों में करनपुरा (देवीपुर) निवासी नन्दकिशोर दास, बसतपुर (मोहनपुर) निवासी जितेन्द्र यादव, केराबनी निवासी मो. लालमुद्दीन अंसारी, केराबनी निवासी रफीक अंसारी, माथाडंगाल (पालाजोरी) निवासी अनवर अंसारी, रंगासिरसा (पाथरौल) निवासी विक्की महरा तथा सिमरातरी पड़ुवा (पथरड्डा ओपी) निवासी कृष्णा दास शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से कार्ड बंद होने का झांसा देते थे। इसके बाद कार्ड दोबारा चालू कराने के नाम पर ठगी करते थे। इसके अलावा क्रेडिट कार्ड अधिकारी बनकर भी लोगों को ठगने तथा ठगी की रकम विभिन्न एटीएम से निकालकर आपस में बांटने का कार्य करते थे।
छापेमारी में आरोपियों के पास से 9 मोबाइल फोन, 16 सिम कार्ड, 17 एटीएम कार्ड, 3 चेकबुक, 1 पासबुक, ₹45 हजार नकद, एक टाटा पंच वाहन तथा 2 प्रतिबिंब सिम बरामद किए गए। तकनीकी जांच में जब्त मोबाइल नंबरों और आईएमईआई के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिली हैं।
इस कार्रवाई में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक ललित खलखो, पाथरौल थाना प्रभारी पुअनि दिलीप कुमार बिलुंग तथा पाथरौल थाना की टीम शामिल रही।


