
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के पटेल चौक के समीप पुलिस ने करीब 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत किसी बीमारी के कारण हुई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को स्थानीय लोगों ने पटेल चौक के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया।
वहीं, नगर थाना पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ अन्य माध्यमों से भी शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


