
Deoghar: आम तोड़ने के दौरान पेड़ से गिरकर एक नौ वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान अवधेश कुमार के रूप में हुई है, जो सीमावर्ती बिहार के बांका जिला अंतर्गत कटोरिया थाना क्षेत्र का निवासी है।

घटना के संबंध में बताया गया कि अवधेश कुमार आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक उसका हाथ फिसल गया और वह पेड़ से नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर पर गहरी चोट लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल बालक को तत्काल उपचार के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार बालक के सिर में गंभीर चोट लगी है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। परिजनों ने बताया कि हादसा आम तोड़ने के दौरान हुआ। फिलहाल सदर अस्पताल में उसका उपचार जारी है।


