
Kota: मेडिकल प्रवेश परीक्षा (Medical entrance exam) की कोचिंग करने आए बिहार के एक छात्र ने आत्महत्या (suicide) कर ली। छात्र बोरखेड़ा थाना इलाके के नया नोहरा के एक हॉस्टल में रहता था। संभवत: उसने शनिवार देर रात ही पढ़ाई के दबाव के चलते फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। इसकी जानकारी सुबह हॉस्टल संचालक को तब लगी जब छात्र को नाश्ते के लिए बुलाया गया, लेकिन वह नहीं आया। इसके बाद दरवाजा खोलने पर वह फंदे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया।

पुलिस ने कमरे की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की है। शव को कब्जे में लेकर एमबीएस अस्पताल (MBS Hospital) की मोर्चरी में रखवाया गया। इस मामले में हॉस्टल संचालक महेंद्र कुमार वर्मा ने पुलिस को जानकारी दी है।

बोरखेड़ा थाने के एसएचओ भंवर सिंह हाड़ा ने बताया कि सुबह ही बिहार के गया निवासी 17 वर्षीय अभिषेक कुमार पुत्र तपेश्वर के सुसाइड की सूचना मिली थी। छात्र 2 महीने पहले ही कोटा में मेडिकल की कोचिंग के लिए आया था। उसके कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसने अपने माता-पिता को संबोधित करते हुए माफी मांगी और लिखा कि मेरा मन पढ़ाई में नहीं लग रहा है। मैं आप के बताए रास्ते पर नहीं चल पाया हूं। इसका मुझे काफी खेद है। इसीलिए मैं सुसाइड कर रहा हूं, इसमे किसी का कोई दोष नहीं है। एसएचओ हाड़ा के अनुसार छात्र पढ़ाई के दबाव में था, इसलिए ही उसने सुसाइड जैसा आत्मघाती कदम उठा लिया।


