Deoghar : बाबा मंदिर के समीप शिवगंगा क्षेत्र में लगे अस्थायी भादो मेला में दुकानदारों व व्यवसायियों से मारपीट, छिनतई, रंगदारी मांगने और रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीचरण द्वारी लेन निवासी गौरव झा (26), चकवर्ती लेन निवासी निहाल मिश्रा (26) और हरिहरबाड़ी, शयनशाला के समीप निवासी विक्रम कुमार चौरसिया (25) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर बरामद किया है।

इस संबंध में एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि अपराधकर्मी गौरव झा, निहाल मिश्रा, राहुल शर्मा व उनके अन्य साथी अवैध हथियार का भय दिखाकर शिवगंगा क्षेत्र के भादो मेला में दुकानदारों व व्यवसायियों से रंगदारी मांग रहे हैं। रंगदारी नहीं देने पर मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने की बात सामने आई थी। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरा एवं डीवीआर को साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से बलपूर्वक ले जाने की सूचना भी पुलिस को मिली थी।
चार मामलों में दर्ज है प्राथमिकी

एसपी के अनुसार, इस मामले में अलग-अलग तिथियों पर दुकानदारों व व्यवसायियों की शिकायत पर नगर थाना में कुल चार कांड दर्ज किए गए हैं। इनमें नगर थाना कांड संख्या 336/26 दिनांक 28 अगस्त 2026, कांड संख्या 360/26 दिनांक 13 सितंबर 2026, कांड संख्या 363/26 दिनांक 15 सितंबर 2026 तथा कांड संख्या 364/26 दिनांक 15 सितंबर 2026 शामिल हैं। मामलों में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। कांड की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सदर देवघर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया था। गठित टीमों द्वारा नामजद प्राथमिकी अभियुक्तों एवं अन्य संदिग्धों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही थी।
जमशेदपुर के साकची से गौरव व निहाल पकड़े गए
एसपी ने बताया कि 18 सितंबर को सूचना मिली कि उक्त कांडों के वांछित अभियुक्त जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित सरकारी क्वार्टर में छिपकर रह रहे हैं और पुलिस की लगातार छापेमारी के कारण राज्य से बाहर भागने की फिराक में हैं। इसके बाद गठित टीम में से एक टीम को सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए जमशेदपुर भेजा गया। साकची थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर गौरव झा एवं निहाल मिश्रा को पकड़ा गया। पूछताछ एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए दोनों को देवघर नगर थाना लाया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों की निशानदेही पर शिवगंगा स्थित श्मशान घाट की झाड़ियों से एक देशी पिस्टल एवं दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
विक्रम के घर से सीसीटीवी कैमरा व डीवीआर बरामद
वहीं, पुलिस की एक अन्य टीम ने विक्रम कुमार चौरसिया को उसके घर से पकड़ा। पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर छतीसी स्थित उसके दूसरे घर में छिपाकर रखा गया सीसीटीवी कैमरा एवं डीवीआर बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित संगठित आपराधिक गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। पुलिस के अनुसार, ये लोग अवैध आग्नेयास्त्र का भय दिखाकर दुकानदारों एवं राहगीरों को डराने-धमकाने, रंगदारी वसूलने तथा भादो मेला में लगी अस्थायी दुकानों से रंगदारी मांगने का काम करते हैं।
गौरव और निहाल को हत्या के मामले में आजीवन कारावास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार गौरव झा एवं निहाल मिश्रा को कुंडा थाना कांड संख्या 110/23, दिनांक 20 जून 2023, धारा 302/201/34 भादवि के मामले में आजीवन कारावास की सजा हुई है।
गौरव झा का आपराधिक इतिहास
नगर थाना कांड संख्या 121/18, दिनांक 23.02.2018, धारा 323/341/342/34 भादवि एवं 3(X) एससी/एसटी एक्ट, नगर थाना कांड संख्या 24/21, दिनांक 09.01.2021, धारा 341/385/427/34 भादवि, नगर थाना कांड संख्या 360/26, दिनांक 13.09.2026, धारा 126(2)/115(2)/308(2)/329(4)/303(2)/351(2)/352/3(5) बीएनएस, नगर थाना कांड संख्या 363/26, दिनांक 15.09.2026, धारा 115(2)/308(2)/351(2)/352/3(5) बीएनएस, नगर थाना कांड संख्या 364/26, दिनांक 15.09.2026, धारा 115(2)/308(2)/351(2)/352/3(5) बीएनएस, कुंडा थाना कांड संख्या 110/23, दिनांक 20.06.2023, धारा 302/201/34 भादवि।
निहाल मिश्रा का आपराधिक इतिहास
नगर थाना कांड संख्या 65/26, दिनांक 09.02.2026, धारा 111(2)/111(3)/308(2) बीएनएस एवं 25(1-बी)ए/26/35 आर्म्स एक्ट, नगर थाना कांड संख्या 360/26, दिनांक 13.09.2026, धारा 126(2)/115(2)/308(2)/329(4)/303(2)/351(2)/352/3(5) बीएनएस, नगर थाना कांड संख्या 363/26, दिनांक 15.09.2026, धारा 115(2)/308(2)/351(2)/352/3(5) बीएनएस, नगर थाना कांड संख्या 364/26, दिनांक 15.09.2026, धारा 115(2)/308(2)/351(2)/352/3(5) बीएनएस, कुंडा थाना कांड संख्या 110/23, दिनांक 20.06.2023, धारा 302/201/34 भादवि।
ये सामान हुआ बरामद
शिवगंगा स्थित श्मशान घाट की झाड़ियों से एक पिस्टल व दो जिंदा कारतूस। विक्रम कुमार चौरसिया की निशानदेही पर छतीसी स्थित घर से सीसीटीवी कैमरा एवं डीवीआर।
छापेमारी टीम में ये अधिकारी शामिल
छापेमारी टीम का नेतृत्व एसडीपीओ सदर देवघर कुलदीप कुमार ने किया। टीम में पुनि सह नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर, पुअनि घनश्याम गंझू, सूरज कुमार, शंकर रजक, मुकेश तिवारी, सुमंत प्रसाद, मिथिलेश कुमार, स०अ०नि० अरविंद कुमार, राजू रजवार, संतोष कुमार तथा नगर थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे ।



