
Deoghar: देवघर रेलवे स्टेशन के समीप एक युवक का सिर कुचला हुआ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नगर थाना पुलिस ने घटनास्थल से शव बरामद कर उसकी पहचान मृतक के पास मिले आधार कार्ड के आधार पर बांका थाना क्षेत्र के जगतपुर निवासी 24 वर्षीय राजदीप पासवान उर्फ राजा के रूप में की है।

बताया जाता है कि राजदीप देवघर में रहकर निजी वाहन चलाने का कार्य करता था। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन देवघर पहुंचे। शव की स्थिति देखकर स्वजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए गहरी आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि किसी पुराने विवाद के कारण युवक की हत्या की गई है। हालांकि किस व्यक्ति से और किस बात को लेकर विवाद था, इस संबंध में वे कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके।
सिर पर गहरा वार, आंखें बाहर निकलीं, चेहरे पर भी चोट के निशान

घटनास्थल पर मिले शव की स्थिति काफी भयावह थी। बताया जा रहा है कि किसी भारी पत्थर से युवक के सिर पर जोरदार वार किया गया था। वार इतना गंभीर था कि सिर का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। शव की आंखें बाहर निकली हुई थीं तथा होंठों और चेहरे पर भी गंभीर चोट के निशान पाए गए।
सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल देवघर रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर बताया गया है। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। जांच के दौरान पाया गया कि मोटरसाइकिल पर किसी प्रकार का खरोंच या दुर्घटना का निशान नहीं था, जबकि मोबाइल फोन को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किए जाने के संकेत मिले हैं।
मृतक के भाई धीरज पासवान ने बताया कि उन्हें पुलिस द्वारा सूचना दी गई थी कि उनके भाई का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलने पर जब वे सदर अस्पताल पहुंचे तो राजदीप को मृत अवस्था में पाया। उन्होंने कहा कि सिर पर मिले गंभीर जख्मों को देखकर यह मामला सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या का प्रतीत होता है।
शराब कारोबार से जुड़े होने की चर्चा
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि मृतक कथित रूप से शराब कारोबार से जुड़ा हुआ था। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस संबंध में किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया गया। चिकित्सकों के द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। लेकिन फिलहाल डॉक्टरों ने इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी करने से इंकार किया है। सूत्रों के अनुसार सिर पर पत्थर से किए गए गंभीर वार के कारण युवक की मौत हुई है। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हत्या अथवा अन्य संभावित कारणों के सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।


