
Deoghar News : संदिग्ध परिस्थिति में विषपान करने वाले एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 48 वर्षीय लक्षमण दास के रूप में हुई है, जो बिहार के बांका जिला अंतर्गत कटोरिया थाना क्षेत्र के सपहा गांव का निवासी था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण दास ने घरेलू विवाद के बाद कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। विषपान के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होते देख परिजन उसे इलाज के लिए कटोरिया स्थित सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे।

वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने और स्थिति गंभीर बने रहने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कर उसका इलाज शुरू किया गया।
चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन इलाज के क्रम में सोमवार की देर रात उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद बैजनाथ धाम ओपी पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले से संबंधित तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।



