
Deoghar: जन शिकायत समाधान कार्यक्रम के अवसर पर एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग ने कहा कि इस अभियान के तहत पहले कार्यक्रम के दौरान 41 शिकायत प्राप्त हुआ था। उसमें से 40 का निष्पादन कर संबंधित लोगों को फोन कर सूचित किया गया है। इसमें से चार-पांच शिकायत में मामला भी दर्ज किया गया है। एक मामला का निष्पादन इसलिए नहीं हो पाया क्योंकि शिकायतकर्ता ने मामले में सूची नहीं दिखाई।

एसपी ने कहा कि प्रयास होगा कि हर माह इस तरह का कार्यक्रम विभिन्न जगहों पर आयोजित किया जाए। एसपी ने कहा कि पहले उनका फोकस संगठित अपराध पर अंकुश लगाना था। उसपर पुलिस ने अंकुश लगा लिया है। कई गिरोह का चिहिन्त कर उनके सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। यही कारण है कि अब शहर में गोलीबारी की घटनाएं नहीं हो रही है। वहीं उसके बाद साइबर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके तहत 645 साइबर आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस माह तक गिरफ्तार की संख्या 700 तक पहुंचाने का लक्ष्य है। साइबर आरोपितों की गिरफ्तारी के मामले में देवघर जिला देश में अव्वल स्थान पर है। सिर्फ उनकी गिरफ्तारी ही नहीं हो रही है बल्कि प्रयास हो रहा है कि उन्हें आसानी से बेल न मिले और सजा दिलायी जाए। साइबर अपराध पर अंकुश लगाने को लेकर पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।

एसपी ने कहा कि अब पुलिस का फोकस छिनतई गिरोह पर अंकुश लगाने का है। खासतौर पर महिलाओं से चेन छिनतई करने वालों पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए विशेष योजना बनाकर कार्रवाई की जा रही है। शहर को तीन जोन में बांटा गया है। उस जोन का प्रभारी डीएसपी को बनाया गया है। इसके लिए पुलिस पदाधिकारी व पुलिस कर्मियों का विशेष टीम बनाया गया है। इस टीम में सादे लिबास में भी पुलिस वाले शामिल हैं। पुलिस अपनी ओर से शहर में 60 सीसीटीवी कैमरा लगायी है। उन्होंने यहां के कारोबारियों से अपने दुकान के सामने सीसीटीवी कैमरा लगाने को कहा। कहा कि इसके लिए एसडीओ के स्तर पर निर्देश भी जारी किया गया। ये कैमरा अपराध होने पर अपराधी को पकड़ने में सहयोगी साबित होगा। उम्मीद है कि जल्द ही इस अपराध पर भी जल्द ही पूरी तरह से अंकुश लगा लिया जाएगा।
मौके पर सीसीआर डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद कार्यक्रम के महत्व के बारे में प्रकाश डाला। वहीं एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में रेडक्रास सोसाइटी के चेयरमैन जीतेश राजपाल, पियूष जयसवाल, निरंजन सिंह, रीता चौरसिया व अन्य लोगों ने अहम भूमिका अदा की।
पुष्प गुच्छ देकर एसपी को किया सम्मानित
महिला थाना कोषांग के सदस्यों ने पुष्प गुच्छ देकर देवघर एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग को सम्मानित किया । इस मौके पर महिला थाना कोषांग के सदस्य डॉ अनूप कुमार, राहुल, बिपिन यादव, नीलम देवी, प्रमिला देवी उपस्थित थे। सदस्यों ने देवघर एसपी के कार्यों कि प्रशंसा किया। कहा कि इनके निर्देशन में देवघर पुलिस बेहतर कार्य कर रही है। शहरी इलाके में भी अपराधियों पर अंकुश लगा है।


