
Deoghar News : बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पिछले करीब तीन माह से हत्या के एक फरार आरोपी की तलाश में देवघर में गुप्त रूप से डेरा डाले एसटीएफ की टीम ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि टीम आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मजदूर बनकर इलाके में रह रही थी।

लंबी निगरानी और रणनीतिक प्रयासों के बाद टीम ने उसे कुंडा थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड के पास से दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के लखीसराय जिला अंतर्गत सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के पवैय गांव निवासी एवं मुखिया पति पंकज कुमार के रूप में हुई है।

वह सूर्यगढ़ा थाना कांड संख्या 338/24 में नामजद हत्या का आरोपी है। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और देवघर में छिपकर रह रहा था।

18 दिसंबर 2024 को ओमप्रकाश सिंह उर्फ पप्पू सिंह की गोली मारकर हत्या हुई थी। जानकारी के अनुसार, 18 दिसंबर 2024 को सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के पवैया गांव निवासी ओमप्रकाश सिंह उर्फ पप्पू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक की पत्नी रंजू कुमारी ने सूर्यगढ़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
दर्ज मामले में रंजू कुमारी ने बताया था कि घटना के दिन वह अपने पति के साथ बाइक से लखीसराय बाजार से खरीदारी कर वापस लौट रही थीं। शाम करीब साढ़े छह बजे पवैय स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप पहुंचने पर उनके पति खलिहान में धान ढंकने के लिए रुके।
इसी दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन से सैदपुर पंचायत की मुखिया सुप्रीता कुमारी, उनके पति पंकज कुमार देवर गौतम कुमार और मुन्ना कुमार वहां पहुंचे।
आरोप है कि तीनों ने मिलकर ओमप्रकाश सिंह को पकड़ लिया और मुखिया के आदेश पर पंकज कुमार, मुन्ना कुमार तथा गौतम कुमार ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गिरफ्तारी के बाद बिहार एसटीएफ आरोपी पंकज कुमार को अपने साथ लेकर रवाना हो गई।



