
Deoghar News : देवघर शहर के बेलाबागान स्थित श्रीकांत रोड पर संचालित अनन्या फैशन मार्ट के संचालक रवि कुमार ने फर्जी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाते हुए साइबर थाना देवघर में शिकायत दर्ज कराई है।

दिए गए शिकायत पत्र के अनुसार, 28 मई 2026 को एक ग्राहक उनकी दुकान पर खरीदारी करने आया और लगभग 6,978 रुपये मूल्य के विभिन्न गारमेंट्स खरीदे। इसके अलावा करीब 3,000 रुपये मूल्य की दो साड़ियां बिना बिलिंग के भी लेकर चला गया।

ग्राहक ने मोबाइल पर ऑनलाइन भुगतान सफल होने का ट्रांजेक्शन दिखाया, जिसके आधार पर उसे सामान दे दिया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि ग्राहक द्वारा दिखाए गए ट्रांजेक्शन का यूटीआर नंबर 422652676238 था तथा ट्रांजेक्शन का समय 28 मई 2026 को शाम 5:30:40 बजे बताया गया।
हालांकि, अब तक उक्त राशि दुकान के बैंक खाते में प्राप्त नहीं हुई है। रवि कुमार ने आशंका जताई है कि आरोपी ने फर्जी ट्रांजेक्शन दिखाकर दुकान से सामान प्राप्त कर लिया और धोखाधड़ी की है। उन्होंने नगर थाना से मामले की जांच कर आरोपी की पहचान करने तथा उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर वह सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल नंबर और अन्य संबंधित दस्तावेज जांच एजेंसी को उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं।


