Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के तारणी लेन रोड जून पोखर निवासी इंद्रजीत चौधरी ने अपने चौथी कक्षा में पढ़ने वाले बेटे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए नगर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में कृष्णा प्रसाद नामक व्यक्ति पर छात्र को बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया गया है।

दिए गए आवेदन के अनुसार, शिकायतकर्ता का बेटा ईशान चौधरी सेंट फ्रांसिस स्कूल, देवघर में चौथी कक्षा में पढ़ता है। आरोप है कि 2 नवंबर को दोपहर करीब 2:20 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद छात्र बाहर निकला और घर जाने के लिए जा रहा था। इसी दौरान कृष्णा प्रसाद नामक व्यक्ति, जिसका घर उसी जगह बताया गया है, वहां आया।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कृष्णा प्रसाद ने बच्चे से पूछा कि उसका कॉल बेल किसने बजाया और इसके बाद उसे बुरी तरह मारने लगा। आरोप है कि बच्चे के गाल और सीने में भी मारा गया, जिसके बाद वह वहां से चला गया। घर पहुंचने पर परिजनों ने बच्चे के गाल पर चोट का निशान देखा।
पूछताछ करने पर बच्चे ने घटना की जानकारी दी। आवेदन के अनुसार, मारपीट के बाद बच्चे को काफी दर्द था और वह रातभर ठीक से सो नहीं पाया। इस दौरान उसने दो बार उल्टी भी की। पीड़ित बच्चे के पिता ने नगर थाना प्रभारी से मामले में उचित कार्रवाई करने तथा अपने बच्चे को न्याय दिलाने की मांग की है।



