Deoghar : देवघर नगर थाना में एक महिला ने प्राथमिकी दर्ज कराकर पांच लोगों पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, घर में घुसकर छेड़छाड़ करने और सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है। मामले में उन्होंने 30 अक्टूबर की रात की घटना का उल्लेख करते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

दर्ज मामले में कहा है कि 30 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे मोबाइल नंबर 8893903010 से कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम सौरभ पलिवार बताया और गाली-गलौज करते हुए उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि फोन पर कहा गया कि जहां भी दिखाई देंगी, वहीं से उठा लेंगे। उनके पति को पहले भी मारने और दोबारा मारने तथा घर में घुसने की धमकी देने की बात भी मामले में कही गई है।

महिला का आरोप है कि रात करीब 12 बजे उनके घर का दरवाजा खटखटाया गया। दरवाजा नहीं खोलने पर आरोपी दीवार फांदकर घर में घुस गए। मामले में कहा गया है कि इसके बाद सभी ने उनके साथ छेड़छाड़ की और दुपट्टा खींचा। इसी दौरान उनके गले में पहनी करीब 1.5 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन भी छीन लेने का आरोप लगाया गया है।
मामले में जिन लोगों के नाम दिए गए हैं उनमें सौरभ पलिवार उर्फ झोड़ी निवासी शिवगंगा मोहल्ला, केशव मिश्रा निवासी शिवपुरी मोहल्ला सोनू फलहारी निवासी शिवपुरी मोहल्ला, अंकित नरौने निवासी विलासी तथा सोनू नरौने निवासी पानी टंकी सभी देवघर शामिल हैं। महिला ने मामले में यह भी आरोप लगाया है कि जाते समय सभी ने उन्हें और उनके पति को जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी।
शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।मामले में सौरभ पलिवार को कथित तौर पर मुख्य सरगना तथा सोनू नरौने को मुख्य शूटर बताया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सौरभ पलिवार पूर्व में कई बार जेल जा चुका है और उसे आजीवन कारावास भी हुआ है तथा वह अपील बेल पर बाहर है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि उक्त लोग देवघर शहर में रंगदारी, चोरी व छिनतई जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं।
महिला ने थाना प्रभारी से मामले की जांच कर सभी नामजद व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।



