Deoghar : देवघर नगर थाना क्षेत्र के सिंघवा रोड में स्कूल जा रहे 12 वर्षीय छात्र को नशीला पदार्थ सुंघाकर अज्ञात चारपहिया वाहन में ले जाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद छात्र को रास्ते में छोड़ दिया गया, जिसके बाद वह किसी तरह अपने घर पहुंचा। मामले को लेकर छात्र के पिता सिंघवा निवासी छोटु कुमार महथा ने नगर थाना में लिखित शिकायत देकर जांच व कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

दिये गये आवेदन के अनुसार, छोटु कुमार महथा का 12 वर्षीय पुत्र अंसुमन कुमार प्रतिदिन की तरह मंगलवार, 3 नवंबर को सुबह करीब 7:50 बजे घर से किण्डम किडस स्कूल जाने के लिए निकला था। करीब 10 बजे वह नरभस हालत में घर पहुंचा। पूछताछ करने पर उसने अपने पिता को बताया कि वह साई कृपा सिमेंट दुकान के दक्षिण गली, सिंघवा रोड की ओर गया था।

वहां पहले से काले शीशे लगी सफेद रंग की एक चारपहिया गाड़ी खड़ी थी। छात्र के अनुसार, जैसे ही वह गाड़ी के करीब पहुंचा, उसमें से एक अज्ञात व्यक्ति ने दरवाजा खोलकर उसे खींच लिया और वाहन में बैठा लिया। आरोप है कि इसके बाद उसे नशीला पदार्थ सुंघाया गया, जिससे वह बेहोश हो गया।
छात्र ने बताया कि वाहन में एक महिला समेत दो पुरुष भी थे, जिनका नाम-पता वह नहीं जानता है। आरोप है कि उक्त लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की। छात्र ने पिता को बताया कि उसे कहां-कहां ले जाया गया, इसकी जानकारी उसे नहीं है। आरोपितों ने उससे उसका नाम-पता पूछा, जिसे उसने सही-सही बताया। इसके बाद उसे कहां लाकर छोड़ा गया, यह भी उसे याद नहीं है।
छात्र ने बताया कि वह किसी तरह वहां से अपने घर पहुंचा। इसके बाद पिता ने आनन-फानन में पुत्र को इलाज के लिए कालीबाड़ी स्थित नवजीवन अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया गया।
घटना की सूचना 112 नंबर पर भी दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की छानबीन की। मामले में छात्र के पिता ने नगर थाना प्रभारी को आवेदन देकर घटना की जांच कर उसके पुत्र को ले जाने वाले आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।



