
Deoghar: नीट पेपर लीक मामले (NEET Paper Leak Case) को लेकर देवघर में छात्रों और झारखंड छात्र मोर्चा के सदस्यों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। टावर चौक पर बड़ी संख्या में जुटे छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया।

छात्रों ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक की घटनाएं देश के लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

छात्र मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजा कुमार ने कहा कि छात्र दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। उनके अभिभावक भी बच्चों की पढ़ाई के लिए हर संभव प्रयास करते हैं, लेकिन जब परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी सामने आती है तो छात्रों का मनोबल टूट जाता है। उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।

झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के बजाय लगातार अनियमितताओं की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो युवाओं का भरोसा परीक्षा प्रणाली से उठ सकता है। छात्रों ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही, केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी उठाई गई।


