
Sahibganj: झारखंड के साहिबगंज स्थित व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बम से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल मिलते ही जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। कोर्ट परिसर में मौजूद जज, अधिवक्ता और कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।

गुरुवार को सुबह करीब 11.30 बजे के बाद यह बात सामने आयी। इसके बाद सभी न्यायिक पदाधिकारी व अधिवक्ता कोर्ट से बाहर आ गए।
छावनी में तब्दील हुआ साहिबगंज कोर्ट परिसर

मामले की सूचना मिलते ही साहिबगंज उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, एसडीपीओ, डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते पूरा कोर्ट परिसर छावनी में तब्दील हो गया। सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए हर 5 फीट की दूरी पर जवानों की तैनाती की गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों को तुरंत मौके पर बुलाया गया है।
एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर में प्रवेश पूरी तरह नियंत्रित कर दिया गया। आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सघन जांच की गई। सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के इलाकों में भी गश्त बढ़ा दी है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
सुरक्षा टीमों ने आधुनिक उपकरणों की मदद से कोर्ट परिसर के हर कोने की बारीकी से जांच की गयी। संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के लिए घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
हालांकि प्रारंभिक जांच में किसी विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई है।
इधर, धमकी भरी ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी टीमों को लगाया गया है। साइबर विशेषज्ञ इस बात की जांच कर रहे हैं कि मेल कहां से भेजी गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
फिलहाल किसी प्रकार की हताहत की सूचना नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। घटना के बाद पूरे साहिबगंज और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
वहीं, उपायुक्त हेमंत सती ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।


