
Deoghar: देवघर में नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गयी है। इसी क्रम में झारखंड बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू देवघर पहुंचे। यहां जिला अध्यक्ष सचिन रवानी की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक में आदित्य साहू भी मौजूद रहे। बैठक में उन्होंने चुनावी दिशा तय की। साथ ही इशारों-इशारों में ऐसा कह दिया, जो चर्चा का केंद्र बन गया है।

निकाय चुनाव में पार्टी स्तर पर हो रहे समर्थन के बाद कार्यकर्ताओं में हो रही विरोधाभाष पर आदित्य साहू ने हमला बोला। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए ऐसा बयान दिया कि सियासी गलियारों में खलबली मच गई। उन्होंने कहा कि कुछ लोग चुनाव में दिखते हैं, लेकिन काम किसी और के लिए करते हैं। जो लोग परोक्ष रूप से जेएमएम और कांग्रेस को मजबूत करने में लगे रहते हैं, वे कभी खुद जीत नहीं सकते।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का यह बयान किसके लिए था, ये तो जाहिर नहीं है। लेकिन अब इसपर राजनीतिक बैठकों में लोग अंदाजे लगा रहे हैं। आदित्य साहू के एक बयान ने देवघर की राजनीति की हवा पूरी तरह बदल दी है।
बता दें कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू इन दिनों नगर निकाय चुनाव के प्रचार को लेकर संथाल दौरे पर हैं। इसी कड़ी में वो आज बैठक में शामिल हुए। उन्होंने बैठक में कार्यकर्ताओं को साफ तौर पर कहा कि अब कोई भ्रम नहीं, कोई दोराहा नहीं। हर कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में लगकर पार्टी समर्थित प्रत्याशी रीता चौरसिया को विजयी बनाने में जुट जाए। बैठक में चुनावी मोर्चे पर कमर कसने का संदेश दिया गया।


