
Deoghar: रविवार की शाम देवघर के त्रिकुट पर्वत पर संचालित रोप-वे का सैप टूटने के बाद यहां एक महिला की मौत और करीब 50 लोगों के पूरी रात हवा में लटकने की घटना ने झारखंड का राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। फिलहाल राहत व बचाव कार्य जारी है, लेकिन इस बीच झारखंड के पर्यटन मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने कहा है कि रोप-वे का संचालन कर रही दामोदर वैली कारपोरेशन को काली सूची में डालकर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि आखिर सैप कैसे टूटा, उसका मेंटेनेंस किस तरह हो रहा था, यह जांच का विषय है। सोमवार को घटनास्थल पर जाने से पहले सर्किट हाउस में मीडिया के सवाल पर मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की जांच कराएंगे। आने वाले समय में पर्यटकों की सुरक्षा के सवाल पर कहा कि पहाड़ से नीचे उतरने के लिए एक वैकल्पिक सड़क बनाई जाएगी। इसका सर्वे करने को कह दिया गया है। मंत्री ने कहा कि घटना दुखद है। आखिर संचालन में तकनीकी खराबी कैसे आई, इसकी पूरी जांच होगी। घटना के बाद संचालक की पूरी टीम के भागने के सवाल पर कहा कि इसलिए तो उसे ब्लैक लिस्टेड किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फंसे लोगों को बाहर निकालने और रोपवे की मरम्मत के बाद दोबारा इसके संचालन के लिए निविदा निकाली जाएगी।


