Dumka: गोड्डा से बीजेपी सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने झारखंड की हेमंत सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार एसआईआर प्रक्रिया को प्रभावित करना चाहती है। इसके लिए झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार को बुलाकर यह समझने का प्रयास किया है कि एसआईआर की प्रक्रिया को कैसे प्रभावित किया जा सकता है।

सांसद ने यह भी कहा कि इस मौके पर मुख्य सचिव ने राज्य के स्कूली शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह और रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को भी साथ रखा था।

डॉ. निशिकांत दुबे ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी और सीबीआई से यह मांग की है कि अविनाश कुमार, उमाशंकर सिंह और मंजूनाथ भजंत्री की भूमिका की जांच की जाए, साथ ही झारखंड में एसआईआर की प्रक्रिया चलने तक उन सभी को राज्य से बाहर रखा जाए।
सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने झारखंड में जेपीएससी और जेएससीसी में हुई गड़बड़ी को लेकर झामुमो नेता सुप्रियो भट्टाचार्य पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी जेपीएससी की मेंबर थीं और जब उनका पीए पकड़ाया तो उन्होंने सीधे कहा कि रुपये ऊपर तक पहुंच रहा है। सांसद ने कहा कि हर मुद्दे पर लंबा चौड़ा भाषण देने वाले सुप्रियो भट्टाचार्य आज इसलिए चुप हैं कि उन्हें लगता है कि अगर इस मामले को सीबीआई ने ले लिया तो वह फंस जाएंगे।
गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि हेमंत सरकार ने पैसे लेकर भर्ती की और इसमें काफी गड़बड़ी की है। जिन्होंने पैसे दिए उनको नौकरी दे दी।
बता दें कि निशिकांत दुबे दुमका के दुधानी में आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन करने आए हुए थे।



