Deoghar News : ट्रेन में सफर कर रहे एक युवक से मोबाइल छीनने के प्रयास में बदमाश ने उस पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में युवक ट्रेन से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान बिहार के मुंगेर जिला अंतर्गत कृष्णपुरी मोहल्ला निवासी अनुराग के रूप में हुई है। घटना में उसके सिर में गंभीर चोट लगी है।

उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जाता है कि अनुराग मधुपुर जाने के लिए किउल स्टेशन पर टाटा-छपरा ट्रेन में सवार हुआ था। वह ट्रेन के गेट के पास खड़ा था और उसके हाथ में मोबाइल था। ट्रेन जसीडीह स्टेशन पहुंचने के बाद कुछ देर रुककर खुली।

इसके बाद रोहिणी स्टेशन से पहले रेलवे ट्रैक के किनारे डंडा लेकर खड़े एक बदमाश ने मोबाइल वाले हाथ पर डंडे से प्रहार किया। डंडे के प्रहार से बचने के लिए अनुराग झुक गया, लेकिन डंडा उसके सिर में लग गया। सिर में चोट लगने के कारण वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया।
घटना में उसके सिर में गंभीर चोट लगी। वहीं, उसका मोबाइल भी नीचे गिरने से स्क्रीन टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद घायल अनुराग को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।



