Deoghar : SP प्रवीण पुष्कर के आदेशानुसार साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र से तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई 21 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर की।

पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के असूरबंधा स्थित ब्लॉक के पीछे मैदान में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट-अमेजन के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी तथा गूगल पे-फोनपे कस्टमर केयर के नाम पर आमलोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहादत अंसारी, गुलफराज अंसारी और सरफराज अंसारी, तीनों निवासी बिंझा-पिपरा, थाना सोनारायठाढ़ी, जिला देवघर के रूप में की गयी है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फोन व सिमकार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता पाई गयी है।
कैशबैक का झांसा देकर करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की अपराध शैली में फर्जी गूगल पे, फोनपे व एयरटेल पेमेंट बैंक कस्टमर केयर पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का झांसा देकर ठगी करना शामिल है। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस प्राप्त कर ठगी करने की बात सामने आयी है।
आरोपियों पर फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को झांसे में लेने तथा एयरटेल थैंक्स एप के माध्यम से एयरटेल पेमेंट बैंक कार्ड बंद करने के बाद सहायता के नाम पर उसे दोबारा चालू कराने का झांसा देकर ठगी करने का भी आरोप है।
तीन मोबाइल व चार सिम बरामद
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और चार सिमकार्ड बरामद किए हैं।
छापेमारी दल में शामिल पुलिसकर्मी
छापेमारी दल में पुनि राकेश कुमार रवि, साइबर थाना देवघर एवं अन्य सशस्त्र बल, पुअनि सह थाना प्रभारी सोनारायठाढ़ी थाना रोहित दांगी एवं अन्य सशस्त्र बल शामिल थे।



