
Deoghar News : देवघर जिले की पुलिस एक तरफ साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है तो दूसरी तरफ साइबर अपराधियों के झांसे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई ना गंवा सके, इस दिशा में भी पुलिस लोगों को जागरूक करने में जुट गई है।

पुलिस अधीक्षक सौरभ के निर्देश पर जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को साइबर थाना की टीम के द्वारा सारठ थाना क्षेत्र के बागडबरा गांव में साइबर अपराधियों के विरुद्ध छापेमारी के साथ-साथ ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई।
ईजी मनी से रहें दूर

साइबर अपराधी आसान कमाई (ईजी मनी) का लालच देकर कम उम्र के बच्चों को जाल में फंसाते हैं। युवा भी अक्सर बाहरी चकाचौंध में फंस जाते है। ऐसी किसी भी स्कीम से दूर रहने और तुरंत अपने स्वजन या शिक्षकों को जानकारी दें।
ना करें जानकारी साझा, ठगे जाएं तो तुरंत करें सूचित
ग्रामीणों को साइबर अपराधी केवाईसी अपडेट, बैंक काल, लिंक भेजकर, फर्जी एप के जरिए ठगी करने के बारे में जानकारी दी गई। बताया कि कभी अधिकारी बनकर लोगों को ओटीपी , बैंक विवरण, यूपीआइ पिन, पासवर्ड की जानकारी मांगी जाती है लेकिन किसी के साथ इन बातों की जानकारी साझा नहीं करें।
साइबर अपराध व अपराधी को संरक्षण देने पर होगी कार्रवाई
साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर काल करने या एनसीआरपी पोर्टल पर जाकर शिकायत दर्ज करें। तुरंत की गई शिकायत से ठगे गए राशि के मिलने की संभावना अधिक रहती है। साथ ही साइबर अपराध करने या अपराधियों को आश्रय देने वालों के खिलाफ की जाने वाली कठोर कानूनी कार्रवाई की भी जानकारी दी गई।
संगठित साइबर अपराधियों के विरुद्ध संपत्ति जब्ती करण कि कार्रवाई शुरू कि जाएगी। वहीं सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई। साथ ही साइबर सुरक्षा से जुड़े नए कानूनों और नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 में किए गए बदलावों की जानकारी भी दी गई।
लोगों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई। इस अभियान में सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार साह सहित जवान एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे।


