Ranchi : झारखंड विधानसभा में बुधवार से शुरू हो रहे दो दिवसीय विशेष सत्र में केंद्र सरकार के दो फैसलों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं। खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम में संशोधन और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राज्य की हेमंत सोरेन सरकार केंद्र के खिलाफ सदन में प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। वहीं, भाजपा ने सरकार के इस कदम को राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा बताते हुए दोनों मुद्दों पर अपना पक्ष रखने की तैयारी की है।

25 और 26 नवंबर को होने वाला यह विशेष सत्र 11 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुए मानसून सत्र का विस्तारित हिस्सा है। 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में विशेष सत्र बुलाने का फैसला लिया गया था। दोनों दिन सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। सरकार की कोशिश है कि दोनों मुद्दों पर चर्चा के बाद केंद्र के फैसलों के विरोध में प्रस्ताव पारित कर उसे भेजा जाए। इस सत्र का सबसे अहम मुद्दा खनिज कानून में संशोधन है। झारखंड देश के प्रमुख खनिज उत्पादक राज्यों में शामिल है।

कोयला, लौह अयस्क और दूसरे खनिजों से राज्य को बड़ी आमदनी होती है। राज्य सरकार को आशंका है कि केंद्र के संशोधित कानून से खनिज संपदा वाली जमीन पर सेस लगाने का राज्य का अधिकार प्रभावित होगा। इससे राज्य के राजस्व और खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास योजनाओं के लिए उपलब्ध संसाधनों पर असर पड़ सकता है। दूसरा मुद्दा एसआईआर का है।
राज्य सरकार की चिंता है कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के दौरान दस्तावेजों और सत्यापन की प्रक्रिया में पात्र मतदाताओं के नाम छूट सकते हैं। सरकार इस प्रक्रिया के प्रभाव और इससे जुड़ी आशंकाओं पर सदन में चर्चा चाहती है। सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांके रोड स्थित अपने आवास से सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों के साथ ऑनलाइन बैठक कर सत्र की तैयारियों की समीक्षा की थी। उन्होंने सभी मंत्रियों और विधायकों को दोनों मुद्दों पर पूरी तैयारी और तथ्यों के साथ सदन में अपनी बात रखने को कहा है। सत्तारूढ़ झामुमो, कांग्रेस और राजद गठबंधन की रणनीति दोनों विषयों को राज्य के अधिकारों और जनता के हितों से जोड़कर उठाने की है।
दूसरी ओर, भाजपा भी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में विधायक दल की बैठक कर अपनी रणनीति तय कर चुकी है। भाजपा का कहना है कि सरकार विशेष सत्र बुलाकर जनता को गुमराह कर रही है। पार्टी का कहना है कि एसआईआर चुनाव आयोग की संवैधानिक प्रक्रिया है। इसमें बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करते हैं और राज्य के अधिकारी भी इसमें शामिल रहते हैं। ऐसे में राज्य सरकार का इसका विरोध करना समझ से परे है।
एमएमडीआर कानून पर भाजपा का कहना है कि यह पूरे देश के लिए बनाया गया है। राज्य सरकार सेस और टैक्स लगाकर कोयले की कीमत बढ़ाना चाहती है, जिससे इसकी बिक्री प्रभावित हो रही है। दूसरे राज्यों में कोयले की बिक्री बढ़ रही है, जबकि झारखंड में घट रही है। भाजपा ने सरकार पर अवैध कोयला कारोबार पर कार्रवाई के बजाय इस मुद्दे पर राजनीति करने का भी आरोप लगाया है। विशेष सत्र के दौरान दोनों मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव के साथ राज्य की कानून-व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता और अन्य स्थानीय मुद्दे भी उठ सकते हैं।
भाजपा ने स्पष्ट किया है कि वह सरकार के तय एजेंडे तक ही सीमित नहीं रहेगी। 28 नवंबर को हेमंत सोरेन सरकार के मौजूदा कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने वाले हैं। ऐसे में इस विशेष सत्र को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दो दिनों की चर्चा के बाद सदन से निकलने वाला प्रस्ताव और उस पर सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के तर्क आने वाले दिनों में केंद्र और राज्य के बीच खनिज अधिकारों तथा एसआईआर को लेकर राजनीतिक बहस की दिशा तय कर सकते हैं। (IANS)



