Deoghar : देवघर नगर थाना क्षेत्र के सर्कुलर रोड जटाही स्थित एक जनरल स्टोर की दुकान से नकद करीब 15 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिये जाने का मामला सामने आया है। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

मामले को लेकर दुकानदार रविन्द्र कुमार ने नगर थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दिये गये आवेदन में दुकानदार ने बताया है कि वह सर्कुलर रोड जटाही के पास जनरल स्टोर चलाते हैं। मंगलवार को वह अपने पैतृक गांव बिहार के जमुई जिले के दादपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गये थे।

उनकी पत्नी निशा वर्णवाल देवघर स्थित घर पर ही थीं और दुकान में बैठी हुई थीं। बताया कि देर शाम करीब आठ बजे उनकी पत्नी किसी काम से दुकान के अंदर घर में चली गयीं। उस समय दुकान खुली हुई थी और मोबाइल फोन दुकान में ही चार्जिंग पर लगा हुआ था।
कुछ देर बाद जब वह वापस दुकान में पहुंचीं, तो मोबाइल फोन गायब मिला। इसके बाद उन्होंने दूसरे के मोबाइल से अपने पति को फोन कर घटना की जानकारी दी। पति ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, तो उसमें एक युवक दुकान में प्रवेश करते हुए दिखाई दिया।
युवक ने चार्जिंग में लगा मोबाइल फोन और दुकान के गल्ले में रखे करीब 15 हजार रुपये निकाल लिये और वहां से फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई है। इधर, शिकायत मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।



