Deoghar News : चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन के दोबारा मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे पर बुधवार को उस वक्त खुशी लौट आयी, जब देवघर पुलिस ने उनके खोये हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें वापस सौंपे। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल धारकों के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी प्रवीण पुष्कर ने बारी-बारी से मोबाइल फोन के वास्तविक धारकों को उनके बरामद मोबाइल सौंपे। इस अवसर पर एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि पुलिस महानिदेशक के निर्देश के आलोक में चोरी एवं गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए ऑपरेशन मुस्कान चलाया गया था।

इस अभियान के तहत देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की गयी। अभियान के दौरान महज एक माह में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 65 मोबाइल फोन बरामद किये गये। उन्होंने बताया कि बरामद मोबाइल फोन के धारकों की पहचान एवं आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को वापस लौटा दिये गये।

लंबे समय से अपने मोबाइल फोन के मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए पुलिस की यह कार्रवाई राहत भरी रही। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर की।
नगर थाना से बाबा मंदिर थाना तक हुई बरामदगी
ऑपरेशन मुस्कान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने मोबाइल फोन बरामद किये। इसमें नगर थाना पुलिस ने नौ मोबाइल फोन बरामद किये, जबकि जसीडीह थाना पुलिस को तीन मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली। देवीपुर थाना क्षेत्र से छह, रिखिया थाना क्षेत्र से चार और मोहनपुर थाना क्षेत्र से चार मोबाइल फोन बरामद किये गये।
इसी प्रकार पालोजोरी थाना क्षेत्र से पांच, सारठ थाना क्षेत्र से चार, सारवां थाना क्षेत्र से दो, मधुपुर थाना क्षेत्र से छह तथा पाथरोल थाना क्षेत्र से तीन मोबाइल फोन बरामद किये गये। वहीं करौं थाना क्षेत्र से दो, बुढ़ई थाना क्षेत्र से एक, खागा थाना क्षेत्र से एक, सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र से एक और मारगोमुंडा थाना क्षेत्र से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
इसके अलावा बाबा मंदिर थाना क्षेत्र से सात तथा कुंडा थाना क्षेत्र से पांच मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद किये। इस तरह जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 65 मोबाइल फोन बरामद कर उनके धारकों को वापस सौंपे गये।
एक माह के अभियान में 65 लोगों को मिला खोया मोबाइल
ऑपरेशन मुस्कान के तहत देवघर पुलिस की ओर से चलाये गये इस अभियान में जिले के शहरी से लेकर ग्रामीण थाना क्षेत्रों तक कार्रवाई की गयी। अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस की सक्रियता से एक माह के भीतर 65 मोबाइल फोन बरामद हुए। मोबाइल फोन की बरामदगी और सत्यापन के बाद उन्हें संबंधित धारकों को सौंपने से लोगों को बड़ी राहत मिली।



