
गुवाहाटी: असम-मेघालय इलाके में अवैध कोयला का कारोबार जारी है। राजधानी के जोराबाट पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार की देर रात पुलिस चौकी के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर अभियान चलाकर अवैध रूप से कोयला लेकर जा रहे तीन वाहनों को जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक (यूपी-65एचटी-2675) टेलर (बीपी-13एडब्लू-9855) और (बीआर-31जीबी-3611) को जब्त किया गया है। तीनों वाहनों में अवैध रूप से अन्य राज्यों तक कोयले की तस्करी की जा रही थी।

पकड़े गए चालकों ने बताया कि कोयला बिहार ले जाना था। जिस समय पुलिस ने वाहनों को जब्त किया उस समय वाहन चालक कोयला से संबंधित किसी भी प्रकार का कागजात दिखाने में असफल रहे। तीनों वाहन चालकों को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।


