Deoghar Cyber Crime News : साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले फर्जी सिम जारी कर संगठित साइबर अपराधियों को ऊंचे दामों पर बेचने वाले गिरोह का देवघर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चार मोबाइल और दो एयरटेल सिम बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, संचार मंत्रालय, दूरसंचार विभाग, भारत सरकार की ओर से जारी पत्र संख्या 803/1/2025-सुरक्षा, दिनांक 04.11.2025 में उल्लेख किया गया था कि मई 2026 से अक्टूबर 2026 तक देवघर जिले के पालोजोरी थाना क्षेत्र स्थित अनिल डिजिटल पॉस दुकान से कुल 58 फर्जी सिम जारी किए गए हैं।

इनमें से 30 सिम के विरुद्ध नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर साइबर ठगी की शिकायत दर्ज है। इस सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर डीएसपी कैलास कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने अनिल डिजिटल पॉस एजेंट की दुकान में छापेमारी की, लेकिन दुकान बंद मिली।
आसपास के लोगों से पूछताछ में दुकान के मालिक की पहचान कुरुवा निवासी अनिल कुमार (35), पिता चंद्रशेखर साह के रूप में हुई। पुलिस ने छापेमारी कर उसे पकड़ लिया। उसके पास से एक मोबाइल बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल सिम जारी करने में किया जाता था।
पूछताछ में अनिल कुमार ने बताया कि संदीप कुमार राय, नंदू मिर्धा, विपिन कुमार राय, अरुण कुमार राय, रुकमनी देवी, सहाबुद्दीन अंसारी, अर्चना देवी, इमरान अंसारी सहित अन्य लोगों के नाम पर सिम जारी कर उन्हें ऊंचे दामों पर संगठित साइबर ठगी करने वाले गिरोह को बेचा गया था। इसके बाद छापेमारी कर तीन अन्य व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में शामिल
गिरफ्तार आरोपितों में अनिल कुमार, निवासी कुरुवा; नंदू मिर्धा, निवासी गुलालडीह; संदीप कुमार राय (करीब 39 वर्ष), पिता सुबल राय, निवासी उरपबांध तथा इमरान अंसारी (करीब 35 वर्ष), पिता अजीज मियां, निवासी असना, थाना पालोजोरी, जिला देवघर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इमरान अंसारी पूर्व में भी साइबर अपराध के मामले में जेल जा चुका है।
चार मोबाइल और दो एयरटेल सिम जब्त
छापेमारी के दौरान स्काई ब्लू रंग का वीवो मोबाइल, ब्लू रंग का रेडमी मोबाइल, ब्लू रंग का कीपैड जीओ मोबाइल, हरे रंग का मोटोरोला मोबाइल और दो एयरटेल सिम जब्त किए गए।
छापेमारी टीम में ये थे शामिल
छापेमारी टीम में पालोजोरी अंचल के पुलिस निरीक्षक सुकांत त्रिपाठी, पालोजोरी थाना प्रभारी संजय कुमार, सारठ थाना प्रभारी पुअनि दीपक कुमार साह, सोनारायठाढ़ी थाना प्रभारी पुअनि रोहित दांगी के अलावा अन्य थानों के सशस्त्र बल, चौकीदार और महिला चौकीदार शामिल थे।



