
Deoghar : नगर थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम नगर थाना के सामने तथा जेल गेट के बगल से लगभग 45 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि व्यक्ति काफी देर से सड़क किनारे पड़ा हुआ था।

शुरुआत में लोगों ने उसे नशे की हालत में समझकर अधिक ध्यान नहीं दिया, लेकिन लंबे समय तक उसके शरीर में कोई हरकत नहीं होने पर इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। जांच के दौरान युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत मिर्गी का दौरा पड़ने से हुई हो सकती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। बताया गया कि गिरने के कारण मृतक के हाथ पर भी चोट के निशान मिले हैं।
मृतक ने लाल रंग का हाफ पैंट, आसमानी रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी तथा उसके गले में गमछा था। नगर थाना पुलिस अज्ञात शव की पहचान कराने और मामले की सभी पहलुओं से जांच में जुटी हुई है।


