
Katihar: बुधवार को बिहार के कटिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस और बाइक के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार कांवरिया अररिया निवासी उमेश कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि दूसरा कांवरिया विक्की कुमार बुरी तरह से जख्मी हो गया है। जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि देवघर से पूजा कर अररिया निवासी दोनों कांवरिया अपनी बाइक से घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पूर्णिया से भागलपुर की ओर जा रही स्टेट बस ने कुर्सेला गोपाल ढाबा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर दोनों बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उमेश कुमार को मृत घोषित कर दिया।



