
Deoghar: बिहार के जमुई जिले के बटिया थाना क्षेत्र स्थित झुमराज बाबा मंदिर के पुजारी नारायण सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन उन्हें बेहोशी की हालत में इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, नारायण सिंह अचानक गिर पड़े और बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सबसे पहले झाझा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जाता है कि नारायण सिंह मूल रूप से बटिया थाना क्षेत्र के निवासी थे और झुमराज बाबा मंदिर में पुजारी के रूप में सेवा दे रहे थे। उनकी मौत की खबर से परिजनों एवं स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।
मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है और मामला संदिग्ध स्थिति से जुड़ा बताया जा रहा है।


