
Ranchi: झारखंड के कई जिलों से सैकड़ों युवा आज रांची पहुंचे। युवाओं ने केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना (Protest against Agneepath scheme) को पुरजोर विरोध किया। साथ ही सेना भर्ती ऑफिस से सामने जमकर सरकार विरोधी नारे लगाए। इतना ही नहीं युवाओं ने वहीं सड़क पर बैठ गए और प्रदर्शन करने लगे। साथ ही सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान युवाओं का तेवर तीखा था।

इस बीच प्रदर्शनकारी युवा रेलवे ओवर ब्रिज के पास पहुंच गए और यहां सड़क पर जाम लगा दिया।सूचना मिलते ही रांची पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की गंभीरता को भांपते हुए फौरी तौर पर कोई कार्रवाई करने से परहेज किया। बड़ी संख्या में युवकों के एकत्र होने की वजह से यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारी युवाओं को किसी तरह समझा-बुझाकर शांत कराया। तब जाकर यातायात बहाल हुआ।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार अग्निपथ योजना के जरिए सेना में अग्निवीरों की भर्ती करेगी। इसके लिए केन्द्र सरकार ने एक सेवानिधि की घोषणा की है। इसमें पहले साल युवाओं को 30 हजार रुपये मासिक दिया जाएगा। ईपीएफ और पीपीएफ की सुविधा के साथ अग्निवीर पहले साल 4.76 लाख रुपये पाएंगे। चौथे साल तक वेतन 40 हजार रुपये यानी सालाना 6.92 लाख रुपये पाएंगे। वार्षिक पैकेज के साथ कुछ भत्ते भी मिलेंगे।इसमें रिस्क एंड हार्डशिप, राशन, ड्रेस और ट्रैवल एलाउंस शामिल होंगे।
सेवा के दौरान डिसेबल होने पर नॉन-सर्विस पीरियड का फुल पे और इंट्रेस्ट भी मिलेगा। ‘सेवा निधि’ को आयकर से छूट दी जाएगी। अग्निवीर ग्रेच्युटी और पेंशन संबंधी लाभों के हकदार नहीं होंगे। अग्निवीरों को भारतीय सशस्त्र बलों में उनकी अवधि के लिए 48 लाख रुपये का गैर-अंशदायी जीवन बीमा कवर प्रदान किया जाएगा।


