
Deoghar: महिला ने दिलेरी दिखाते हुए ना केवल छिनतई की वारदात को विफल किया बल्कि बदमाश को भी पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। ऐसा मामला शनिवार को कुंडा थाना क्षेत्र स्थित बलियाचौकी में सामने आया है।

सारठ थाना क्षेत्र के बगडबरा गांव की रहने वाली जैबुन निशा पति चिराउद्दीन अंसारी के साथ मोटरसाइकिल से देवघर आ रही थी। उसके पास एक पर्स था। जैसे ही उनकी बाइक बलिया चौकी के पास पहुंची। उसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश पीछे लग गए। मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने चलती बाइक से उसका पर्स छीनने का प्रयास करने लगे।

जैबुन ने दिलेरी दिखाते हुए बदमाशों को धक्का मार दिया। जिससे बाइक सवार बदमाश वहीं सड़क पर गिर गए। हालांकि महिला व उसका पति भी बाइक से गिर गए। दोनों आंशिक रूप से जख्मी भी हुए। इसके बाद भी महिला ने हिम्मत नहीं हारी और दौड़कर एक बदमाश को पकड़ लिया। आसपास मौजूद लोग भी वहां पहुंच गए। बाद में उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
हालांकि उस वक़्त उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा। पकड़े गए बदमाश को पकड़कर पुलिस द्वारा थाना लाकर पूछताछ की गई। पकड़े गए बदमाश की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे बदमाश को भी दबोच लिया।


