
Deoghar Shrawani Mela : राजकीय श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा टीम लगातार मेला क्षेत्र में जांच अभियान चला रही है।

बुधवार को अभिहित पदाधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रमेश कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, प्रकाश चंद्र गुग्गी, शैलेश कुमार यादव, संजय कुमार, अंजली विना मिंज तथा सहायक प्रिंस कुमार चौधरी, जसलोक प्रकाश, रोहित कुमार महतो और देव कुमार जायसवाल की टीम ने पेड़ा दुकानों, होटलों एवं रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान गंगा साह पेड़ा भंडार, गणेश पेड़ा भंडार, बैद्यनाथ पेड़ा भंडार, अन्नपूर्णा पेड़ा भंडार, महावीर पेड़ा भंडार, श्री गंगा साह पेड़ा भंडार, बाबा पेड़ा भंडार, मां अन्नपूर्णा भोजनालय, अजय भोजनालय, शिव होटल एंड रेस्टोरेंट समेत कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

इस दौरान पेड़ा के कुल 45 नमूने लिए गए, जिनमें तीन नमूने जांच में गलत पाए गए। वहीं निरीक्षण के दौरान 42.5 किलोग्राम पेड़ा में मिलावट मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने पर गंगा साह पेड़ा भंडार, श्री गंगा साह पेड़ा भंडार और शिव होटल एंड रेस्टोरेंट से कुल दो हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
टीम ने सभी खाद्य विक्रेताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित पेड़ा बनाने, प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने तथा खोवा, पेड़ा और पनीर की गुणवत्ता की समय-समय पर आयोडीन टिंक्चर से जांच करने का निर्देश दिया।
साथ ही मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों का लाइसेंस रद्द कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



