
Deoghar : देवीपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना का एक मामला सामने आया है। इस संबंध में राजपुरा गांव निवासी हदिस मियां ने देवीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर बस चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मामले के अनुसार, 2 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे उनके पुत्र नौशाद अंसारी (30) अपनी बाइक (रजिस्ट्रेशन संख्या जेएच 15एफ 2077) से देवघर से अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान संत जोसफ स्कूल खिरवातरी देवीपुर के पास विपरीत दिशा से तेज गति एवं कथित लापरवाही से आ रही एक बस (रजिस्ट्रेशन संख्या जेएच 10 एडी 6403 ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में नौशाद अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल एम्स, देवघर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल के पिता हदिस मियां ने थाना में दर्ज मामले में बस चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए मामले में शीघ्र कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



