
Deoghar: अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में जहां एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गयी वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। शनिवार की देर रात को नगर थाना इलाके के रांगा मोड़ के पास एक ट्रक की चपेट में आने से अज्ञात एक साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गयी।

बताया जाता है कि वह देर रात को साइकिल से कहीं जा रहा था। उसी दौरान एक ट्रक चालक ने तेजगति से वाहन चलाते हुए हुए उसे धक्का मार दिया और फरार हो गया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही नगर पुलिस घटनास्थल पहुंची और उसे अपने वाहन से इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां देखने के बाद उसे ऑन ड्यूटी डॉक्टर से मृत घोषित कर दिया।

रविवार को नगर पुलिस द्वारा उसके शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के उपरांत पहचान के लिये शव गृह में रख गया है। वहीं शनिवार की देर रात को टावर चौक के पास डिवाइडर पर बैठी बुजूर्ग महिला को एक अज्ञात ट्रक ने धक्का मार दिया। इसे घटना में महिला का एक पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस द्वारा उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महिला गोड्डा जिला निवासी सावित्री देवी है। वहीं रविवार को रिखिया थाना मोड़ के पास टोटो और बाइक में टक्कर हो गयी। इस घटना में बाइक सवार रिखिया थाना क्षेत्र के सुथनिया निवासी भुवनेश्वर कोल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों ने बताया कि भुनेश्वर बाइक से रिखिया हटिया में सब्जी बेचने जा रहा था। उसी दौरान रिखिया थाना मोड़ के पास एक टोटो से बाइक की टक्कर हो गयी और वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सिमावर्ती जमुई जिला के चकाई थाना क्षेत्र के हेट चकाई बाजार के पास एक अज्ञात वाहन के चपेट में आने से स्कूटी सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का नाम गुलशन त्रिवेदी है। घायल के भाई विक्की कुमार ने बताया कि वह स्कूटी से सामान खरीदने बाजार गया था। उसी क्रम में अज्ञात वाहन ने उसे धक्का मार दिया।


