
Moscow: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Russian President Vladimir Putin) के करीबी सहयोगी अलेक्जेंडर दुगिन की पत्रकार बेटी दरिया दुगिन की हत्या (The murder of Alexander Dugin’s journalist daughter Daria Dugin) कर दी गई। दरिया दुगिन कार से घर जा रही थीं। उनकी कार में धमाका किया गया। इसके बाद कार में आग लग गई। आग में झुलसी दरिया की जान चली गई। रूसी दार्शनिक अलेक्जेंडर दुगिन को दुनिया में ‘पुतिन के मस्तिष्क’ के रूप में जाना जाता है।

अलेक्जेंडर दुगिन प्रमुख राष्ट्रवादी विचारक हैं। वह रूसी राष्ट्रपति के करीबी हैं। रूसी मीडिया आउटलेट 112 के मुताबिक पिता-पुत्री शनिवार शाम को निशाना बनाई गई कार से एक कार्यक्रम से लौटने वाले थे। अंतिम समय में दुगिन ने अपना वापसी का कार्यक्रम बदल लिया। बेटी अकेले कार से रवाना हुई।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बेटी की मौत से दुगिन गहरे सदमे में हैं। यह वाकया मास्को के ओडिंटसोवो जिले में एक राजमार्ग पर हुआ है। अभी तक रूसी अधिकारियों ने कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
दार्शनिक की बेटी दरिया प्रमुख पत्रकार थीं। उन्होंने यूक्रेन पर रूसी आक्रमण का समर्थन किया था। अलेक्जेंडर के लेखन को व्लादिमीर पुतिन के विश्वदृष्टि को गहराई से आकार देने का श्रेय दिया जाता है।


