
Deoghar: झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर शनिवार शाम बीजेपी ने 66 सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। जिसमें मधुपुर भी शामिल है। भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय चुनाव समिति ने मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के चुनाव के लिए गंगा नारायण सिंह को पुन: उम्मीदवार घोषित किया है। जिसके बाद पूर्व मंत्री राज पलिवार के समर्थकों और परिवार में खासा मायूसी दिख रही है। राज पलिवार की पत्नी महालक्ष्मी पलिवार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाला है जिसमें पार्टी द्वारा राज पलिवार को टिकट नहीं देने का दर्द साफ झलक रहा है। महालक्ष्मी पलिवार ने पार्टी के इस निर्णय को दुर्भाग्यपूर्ण के साथ साथ शर्मनाक भी बताया है।

उन्होंने लिखा है कि पार्टी की ये बेरुखी शर्मनाक है।

महालक्ष्मी पलिवार ने लिखा ” नमस्ते भाइयों एवं बहनों पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ता श्री राज पलिवार को टिकट नहीं देना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। पार्टी ने तो बहुत कुछ दिया 2003 में जिला अध्यक्ष में बने उसके बाद पांच में विधायक बने उसके बाद फिर 9 में उनको पार्टी ने टिकट नहीं दिया फिर भी पार्टी में बने रहे। इनको फिर 14 में विधायक और मंत्री का पद मिला । फिर 21 के उपचुनाव में फिर से इनका टिकट काटा गया खैर कोई बात नहीं उपचुनाव में फिर उनको टिकट नहीं मिला जबकि अगला आदमी तीन बार से हारता गया फिर उसे ही पार्टी का टिकट क्यों दिया गया ? श्री राज पलिवार पार्टी के हर कार्यक्रम में काम करना आना जाना सब चलता रहा। इस बार ऐसा बेरुखी से पार्टी ने इनका टिकट काट दिया यह बहुत ही शर्मनाक बात है।
बाकी जो जनता तय करेगी।
जय जनता जय झारखंड“
इस पोस्ट पर कई कमेंट्स आ रहे हैं जिसमें राजपलिवार के समर्थक उन्हें पार्टी छोड़ चुनाव लड़ने की सलाह दे रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि पूर्व मंत्री क्या निर्णय लेते हैं या हर बार की तरह वो पार्टी के प्रति अपना समर्पण दिखाएंगे।

यहां बता दें कि मधुपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछले दो दशक से झामुमो और भाजपा के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलता है। मधुपुर निर्वाचन क्षेत्र में वर्ष 2005 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले राज पलिवार ने जीत दर्ज की थी। झामुमो के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले हाजी हुसैन अंसारी दूसरे नंबर पर रहे। वर्ष 2009 में बीजेपी ने अभिषेक आनंद झा को उम्मीदवार बनाया। इस चुनाव में झामुमो के उम्मीदवार हाजी हुसैन अंसारी ने जीत अपने नाम कर ली। फिर साल 2014 में झारखंड विधानसभा चुनाव में मधुपुर विधानसभा सीट पर भाजपा के राज पलिवार ने जीत दर्ज की थी। झामुमो दूसरे स्थान पर रहा था। मधुपुर विधानसभा सीट पर वर्ष 2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच टक्कर हुई थी। झामुमो के हाजी हुसैन अंसारी ने जीत हासिल की और भाजपा के राज पलिवार दूसरे स्थान पर रहे। इसी बीच कोरोना संक्रमण की वजह से हेमंत सोरेन कैबिनेट के मंत्री हाजी हुसैन अंसारी का निधन हो गया। इसके बाद साल 2021 में हुए उपचुनाव में बीजेपी ने गंगा नारायण सिंह को टिकट दिया। जिसे हराकर उपचुनाव में हाजी हुसैन अंसारी के बेटे हफीजुल हसन ने जीत दर्ज की थी।


