जमशेदपुर।

जमशेदपुर पुलिस ने अमरनाथ गिरोह के 15 बदमाशों को 5 देसी पिस्तौल, 17 देसी कट्टा और 76 जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक इंडिगो कार, 2 स्कूटी, 53 हजार रुपए और 11 मोबाइल भी जब्त किया है।



शनिवार को बिस्टुपुर थाना के सभागार में कोल्हान DIG राजीव रंजन सिंह ने मामले का खुलासा किया। DIG ने बताया कि सभी अपराधी अमरनाथ गिरोह के सदस्य हैं। 9 अप्रैल को परसुडीह के गादडा के भूमिज बस्ती टोला के पास पुलिस ने रंजीत सरदार, अमरजीत प्रसाद, गणेशा आकाश महतो समेत आठ अपराधियों को भारी मात्रा में हथियार के साथ गिरफ्तार किया था। उनकी निशानदेही पर ही शेष अपराधी पकड़े गए। सभी शहर में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।
इन आरोपियों की गिरफ्तारी से 5 मार्च को स्क्रैप कारोबारी को रंगदारी नहीं देने पर गोली मारने, 20 मार्च को जादूगोड़ा में अनिल जेना नामक युवक की गोली मारकर हत्या करने और सिदगोड़ा में 26 मार्च को ऑटो चालक बबलू शर्मा की गोली मारकर हत्या करने का खुलासा हुआ।
गिरफ्तार अपराधियों में रंजीत सिंह उर्फ रंजीत सरदार, सवरजीत सिंह उर्फ छब्बू, प्रदीप सिंह, अमरजीत प्रसाद, गणेश साह, आकाश महतो, राजकुमार सैनी, सौरभ शर्मा, साजन मिश्रा, कुणाल गोश्वामी उर्फ राहुल, अमर ठाकुर, राहुल सिंह, अर्जुन कर्मकार और मोनू शर्मा शामिल है।
इधर, बेहतर काम करने वाले पुलिसकर्मियों को DIG ने नकद और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।




