
Deoghar: देवघर नगर थाना पुलिस ने बंद पड़े घरों में चोरी की घटनाओं का उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किए गए कई सामान भी बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई देवघर नगर थाना कांड संख्या-134/26 दिनांक 28.03.26, धारा 331(4)/305ए बीएनएस के तहत की गई।

जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के पोखनाटिल्हा कैलाशपुरी मोहल्ला निवासी मुन्ना मिश्रा, पिता भोला मिश्रा, के बंद घर में 26 मार्च 2026 की रात अज्ञात चोरों ने एलईडी टीवी, बैटरी, इन्वर्टर समेत अन्य सामान की चोरी कर ली थी। मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक देवघर के निर्देश पर पूर्व से गठित विशेष टीम ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तीन अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि वे दिन में बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही रात में चोरी की घटना को अंजाम देते थे।
पुलिस ने उनके पास से लाल रंग का लहंगा, दो ट्रॉली बैग, फिलीप्स कंपनी का कॉफी मशीन, रियलमी कंपनी का 32 इंच एलईडी टीवी, एसएफ सोनी कंपनी का इन्वर्टर तथा वेक्साइड बैटरी बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में कृष कुमार निवासी सलौनाटाड़ थाना नगर, भविष्य कुमार उर्फ छोटू निवासी ताराबाद कुसुमडीह थाना रिखिया तथा वर्तमान निवासी खपरोडीह और आयुष कुमार झा निवासी खपरोडीह इंजीनियर कॉलोनी थाना रिखिया शामिल हैं।
छापेमारी दल में नगर थाना प्रभारी पुअनि मुकेश कुमार, अनुसंधानकर्ता पुअनि सुमंत प्रसाद, पुअनि घनश्याम गंझू, पुअनि सूरज कुमार, पुअनि अरुण दत्त शर्मा एवं नगर थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे।



