
Deoghar to Bangalore Flight: देवघर से बेंगलुरु इंडिगो की फ्लाइट अब सप्ताह में तीन दिन नहीं बल्कि हर दिन उड़ान भरेगी। अक्टूबर माह के आखिरी सप्ताह में दीपावली से पहले विंटर शेड्यूल जारी होगा। शेड्यूल में देवघर-बेंगलुरु की फ्लाइट हर दिन उपलब्ध होगी।

सांसद डॉ निशिकांत दुबे की पहल पर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और नगर नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इसकी अनुमति प्रदान कर दी है।

देवघर से बेंगलुरु की नियमित फ्लाइट नहीं होने की वजह से छात्रों, आइटी सेक्टर में नौकरी करनेवाले व बीमार लोगों को इलाज कराने के लिए चेन्नई आने जाने में परेशानियों को देखते हुए सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने इंडिगो के एमडी राहुल भाटिया से प्रत्येक दिन देवघर से बेंगलुरु की हवाई सेवा करने की बात की थी। इसके बाद इंडिगो ने देवघर व बेंगलुरु एयरपोर्ट को अक्तूबर स्लॉट के लिए आवेदन दिया।
अभी देवघर – बेंगलुरु की 180 सीटर वाली इंडिगो फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उपलब्ध है। पैसेंजर के बढ़ते डीमांड को देखते हुए यह सेवा 27 अक्टूबर से प्रत्येक दिन हो जाएगी।
सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संथाल परगना को तेजी से विकसित करने के लिए कनेक्टिविटी की हर सुविधा देने को तैयार है। दीपावली में देवघर से बेंगलुरु आने-जाने के लिए यह बड़ी खुशखबरी है। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर इस इलाके के हर वर्ग की सुविधा को ध्यान में रखना मेरी प्राथमिकता है।


