Deoghar News : देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के पथलगढ़ा गांव में जहरीले सांप के काटने से 10 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुंदन हेमब्रम, पिता सरजू हेमब्रम के रूप में हुई है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों के अनुसार, कुंदन हेमब्रम रात में कमरे के अंदर जमीन पर सोया हुआ था। इसी दौरान किसी जहरीले सांप ने उसे काट लिया। रात में परिजनों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी।

सोमवार की अहले सुबह करीब तीन बजे कुंदन की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।
सदर अस्पताल में चिकित्सक ने जांच के बाद कुंदन को मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव लेकर सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाथ धाम ओपी पहुंचे और पुलिस को आवेदन देकर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध किया।
इसके बाद परिजन शव को अपने साथ लेकर गांव चले गए। किशोर की मौत के बाद गांव में भी मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ था।



