Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को मंत्रियों और विधायकों से संग बैठक करने के बाद रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका पहुंचे और महात्मा गांधी की 76वीं पुण्यतिथि पर नमन किया। बापू वाटिका में महात्मा गांधी को माल्यार्पण करने के बाद मुख्यमंत्री ने उनके आदर्शों पर चलने की बात कही। साथ ही कहा कि कोई दिक्कत नहीं है।
मीडिया की ओर से सीएम से सवाल पूछा गया कि आप कहां थे। इसके जवाब में सीएम ने कहा कि हम आ गये हैं तो इसमें क्या तकलीफ है। भाजपा की ओर से थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराये जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह क्या सवाल है।
सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि गांधी की पुण्यतिथि पर सभी विधायक-मंत्री ने बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कहा कि हमें गर्व है कि ऐसे लोग हमारे बीच में जन्मे और हमें मार्गदर्शन दिया। बापू के कदमों पर हम ही नहीं देश-दुनिया भी आचार-विचार का अध्ययन करती है। हम सब निश्चित रूप से इसके लिए संकल्पित हैं। महात्मा गांधी के विचार दबे नहीं और जिस तरीके से आजादी से लेकर आज तक उनको याद किया जाता है। उनके विचारों को आगे बढ़ाया जाता है। हम सब मिलकर उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लेते हैं।
मुख्यमंत्री आवास में सत्तारूढ़ दलों के मंत्रियों और विधायकों संग मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बैठक खत्म हो गई। यह बैठक करीब 30-40 मिनट तक चली। इसके बाद मुख्यमंत्री सहित मंत्री रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता, चंपई सोरेन, विधायक मथुरा महतो, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित अन्य भी मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका पहुंचे। मुख्यमंत्री ने बापू वाटिका में बापू को श्रद्धांजलि दी।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि सत्तारूढ़ दल के सभी साथी एकजुट हैं। साथ ही कहा कि बापू हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिन्दा हैं। कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि भाजपा केवल अफवाह फैलाती है। वह इस काम में सबसे बड़ा तंत्र है। मुख्यमंत्री की तलाश में गृह मंत्रालय की भूमिका पर गृह मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।
हालांकि, झामुमो, कांग्रेस के अधिकांश मंत्रियों, विधायकों ने मुख्यमंत्री आवास से निकलते समय मीडिया से कुछ भी कहने से परहेज किया।