
Deoghar News : देवघर नगर निगम ने हड़तालरत सफाईकर्मियों पर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने, सार्वजनिक उपद्रव फैलाने, सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने तथा स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया है। यह मामला नगर निगम के नगर प्रबंधक सतीश कुमार दास द्वारा 13 जून को नगर थाना में दर्ज कराया गया।

नगर निगम की ओर से दर्ज कराये गए मामले में कहा गया है कि स्थानीय निकाय महासंघ, देवघर के अध्यक्ष संजय मंडल द्वारा घोषित अनिश्चितकालीन हड़ताल के आह्वान के बाद 11 जून, 12 जून एवं 13 जून को सफाईकर्मी अपने कार्य पर उपस्थित नहीं हुए। इस दौरान नगर निगम क्षेत्र में सीमित स्तर पर सफाई कार्य निगम के लिए कार्यरत डोर-टू-डोर एजेंसी के माध्यम से कराया जा रहा था।

मामले के अनुसार 13 जून को कुछ हड़तालरत सफाईकर्मियों द्वारा नगर निगम की सफाई व्यवस्था को बाधित करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर कथित रूप से अवैध एवं असामाजिक गतिविधियां की गईं। प्राप्त सूचना और प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से नगर निगम ने आरोप लगाया है कि सामुदायिक कचरा पात्रों में संग्रहित ठोस अपशिष्ट को सड़कों पर बिखेर दिया गया, जिससे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गंदगी फैल गई और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर निगम ने यह भी आरोप लगाया है कि एमएसडब्ल्यूएम एजेंसी के ट्रैक्टरों और टिप्परों में एकत्रित कचरे को भी जबरन सड़कों पर फेंक दिया गया। इसके परिणामस्वरूप सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हुई तथा नगर निगम की संपत्तियों, जिनमें डस्टबिन, सड़कें, टिप्पर, ट्रैक्टर एवं अन्य उपकरण शामिल हैं, को नुकसान पहुंचने की बात कही गई है। साथ ही आवश्यक जनसेवा कार्यों में भी बाधा उत्पन्न होने का उल्लेख किया गया है।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों द्वारा प्रारंभिक रूप से संजय मंडल, किशन धपरा, चंदन कुमार, पप्पू मेहतर, संदीप शंकरिया धपरा, मुखिया धपरा एवं प्रदीप मेहतर की पहचान घटनाओं में संलिप्त व्यक्तियों के रूप में किए जाने का दावा मामले में किया गया है।
नगर निगम ने उक्त कृत्यों को प्रथम दृष्टया सरकारी कार्य में बाधा, सार्वजनिक उपद्रव, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और शांति भंग करने जैसे दंडनीय अपराधों की श्रेणी में बताते हुए नामजद एवं अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच एवं कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।


