
Deoghar : देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के खेरवा मैदान में क्रिकेट खेलने के दौरान हुई मारपीट की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे वार्ड में भर्ती कर दिया।

घटना के संबंध में बंदरबोना गांव निवासी घायल छोटू यादव के परिजन चुरामन यादव ने बताया कि छोटू यादव क्रिकेट खेलने के लिए खेरवा मैदान गया था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ अज्ञात युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उसका उपचार जारी है।
इधर, घायल के परिजनों ने मामले की शिकायत मोहनपुर थाना पुलिस से की है। पुलिस शिकायत के आधार पर घटना की जानकारी जुटाने और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।



