
Deogharr : देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में बांस काटने को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला के साथ मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घायल महिला को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे वार्ड में भर्ती कर दिया। घटना के संबंध में घायल फुलवा देवी ने बताया कि वह एक बागान की निगरानी का काम करती है।

इसी दौरान बांस कटवाने को लेकर कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। हालांकि उस समय विवाद के बाद सभी लोग शांतिपूर्वक अपने-अपने घर चले गए थे।
फुलवा देवी के अनुसार, करीब दो घंटे बाद अचानक पांच अज्ञात लोग उसके घर में घुस आए और लाठी-डंडे से मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजनों द्वारा घायल महिला को तत्काल देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं घटना की सूचना रिखिया थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



