
Deoghar: देवघर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त विशाल सागर की अध्यक्षता में आगामी मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम, 2024 को ध्यान में रखते हुए मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण के सतत् अद्यतीकरण, 2023 (SSR- 2023 Pre-revision activities) को लेकर वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने प्रखंडवार तरीके से किये जा रहे विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया। साथ ही निर्वाचन से जुड़े कार्यों में तेजी लाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

इसके अलावे उपायुक्त विशाल सागर ने फॉर्म 06, फॉर्म 07, फॉर्म 08 से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। आगे उपायुक्त ने मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 अंतर्गत डोर टू डोर सर्वे की विस्तृत समीक्षा करते हुए डोर टू डोर सर्वे कार्य में कमियों को दूर करते हुए दुबारा करने का निर्देश दिया। इसके अलावे उपायुक्त ने नए मतदाताओं को जागरूक करने वोटर लिस्ट से जोड़ने के उद्देश्य से जिले के सभी बूथ पर विशेष कैम्प आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि नए मतदाताओं को जागरूक करने के साथ उन्हें वोटर लिस्ट से आसानी पूर्वक जोड़ा जा सके।


समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त विशाल सागर ने कहा कि सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अपने-अपने बीएलओ सुपरवाइजर तथा बीएलओ का नियमित मॉनिटरिंग करें। साथ ही स्वयं भी क्षेत्र भ्रमण कर डोर टू डोर सर्वे कार्यों का जायजा लें। साथ ही उन्होंने सभी ए.ई.आर.ओ को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बीएलओ सुपरवाइजर व बीएलओ द्वारा किए जा रहे भौतिक सत्यापन के कार्य का नियमित अनुश्रवण करें और उसकी समीक्षा करें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जहां जहां फॉर्म जेनरेट कम हुआ है, उन बूथों को चिन्हित करते हुए वहां विशेष ध्यान दें और स्वयं जिम्मेवारी के साथ सर्वे के कार्य को पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें, ताकि बेहतर परिणाम मिल सकें।
बैठक में उपरोक्त के अलावा उप निर्वाचन पदाधिकारी शैलेश सिंह, सभी प्रखंडो के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी, कर्मी आदि उपस्थित थे।


