रांची।

झारखण्ड में कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर काबू पाने के
लिये हेमन्त सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। झारखंड सरकार ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन लगाने का निर्णय लिया है। 22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक लॉकडाउन की घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर मंगलवार को हुई उच्च अधिकारियों के साथ बैठक में ये निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने वीडियो जारी कर राज्यवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि झारखण्ड में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए इसके चेन को तोड़ना नितांत आवश्यक है। झारखण्ड एक गरीब राज्य है एवं हमारी शुरू से प्राथमिकता रही है कि जीवन और जीविका दोनों को बचाया जाय। उक्त को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया गया कि 22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक ‘‘स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह’’ का सभी के द्वारा अनुपालन किया जायेगा। जिससे कोविड 19 के चेन को तोड़कर कर उस पर नियंत्रण किया जा सके।
इस दौरान क्या रहेगा बंद, क्या खुला:-
1. आवश्यक सामग्री की दुकानों को छोड़कर अन्य सभी दुकाने बंद रहेंगी।
2. भारत सरकार, राज्य सरकार तथा निजी क्षेत्र के चिन्हित कार्यालय को छोड़ सभी कार्यालय बंद रहेंगे।
3. कृषि, औद्योगिक, निर्माण एवं खनन कार्य की गतिविधियां चलती रहेंगी।
4. धार्मिक स्थल खुले रहेंगे परन्तु श्रद्धालुओं की उपस्थिति प्रतिबंधित रहेगी।
5. कोई भी व्यक्ति अनुमति प्राप्त कार्यों को छोड़कर अपने घर से बाहर नहीं निकलेगा।
6. 5 से अधिक व्यक्तियों का कहीं भी एकत्रित होना वर्जित रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के संक्रमण को जन-भागीदारी से ही रोका जा सकेगा।उन्होंने सभी से अनुरोध किया है कि अति आवश्यक कार्य छोड़कर अपने घर से बाहर नहीं निकलें।


