
Gaziabad: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रविवार को पकड़े गए पाकिस्तान के जासूसों से कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। गिरफ्तार हुए तीन संदिग्धों से पूछताछ में पता चला कि देवघर का बाबा बैद्यनाथ मंदिर भी उनके निशाने पर था।
बाबा मंदिर का वीडियो और लोकेशन जुटाने का मिला था टास्क

खुलासा हुआ कि बिहार के रहने वाले नौशाद को झारखंड के देवघर स्थित प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर का वीडियो और जीपीएस लोकेशन जुटाने का टास्क दिया गया था। नौशाद पूर्व में पकड़े गए सुहैल मलिक की तरह गैंग का मुख्य हैंडलर था। वह भी पाकिस्तानी आका सरफराज के कहने पर अपने साथियों की मदद से संवेदनशील स्थानों के वीडियो-फोटो और लोकेशन प्राप्त कर पाकिस्तान को भेजा करता था।
दिल्ली कैंट इलाके की रेकी भी करनी थी

इसके अलावा नौशाद को दिल्ली कैंट इलाके में घुसकर वहां की गतिविधियों की रेकी करने और वीडियो भेजने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। आरोपी ने एक बड़े उद्योगपति के घर की रेकी करने की बात भी कबूल की है।
विशेष एप से जुड़ा था गैंग
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान से संचालित गैंग से जुड़े थे। नौशाद अली पहले भी सुरक्षाबलों के ठिकानों, रेलवे स्टेशनों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की रेकी कर चुका है। वह अपने साथियों से वीडियो, फोटो और लोकेशन मंगवाकर विशेष ऐप के जरिए पाकिस्तान भेजता था।
बताया गया है कि जासूसी के लिए एक ऐप डाउनलोड कराया गया था और इसके संचालन की ट्रेनिंग खुद पाकिस्तानी हैंडलर सरफराज ने दी थी। सोशल मीडिया ग्रुप के जरिए ही नौशाद की पहचान मीरा नामक महिला से हुई, जो पहले से ही उसी नेटवर्क के संपर्क में थी।
सुहेल, नौशाद और समीर नेटवर्क संभाल रहे थे
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि सुहेल मलिक, नौशाद अली और समीर तीनों मिलकर गैंग को संचालित कर रहे थे। यह सभी सरफराज से ट्रेनिंग लेकर अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय थे और देश के संवेदनशील स्थानों की जानकारी जुटाने का काम कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि मीरा का कनेक्शन अवैध हथियारों की तस्करी से है। वर्ष 2025 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मीरा समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया था। मीरा के फोन में भी 100 से अधिक लोकेशन के वीडियो और फोटो मिले हैं। नौशाद सुहेल की तरह तकनीकी दक्ष युवाओं को नेटवर्क से जोड़ने और दूसरे राज्यों में जाकर रेकी करता था। नौशाद की दूसरे धर्म की प्रेमिका से भी पुलिसने पूछताछ की है, जो गुरुग्राम में रहती है।
पुलिस हवाला नेटवर्क तोड़ने की तैयारी में
पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले नेटवर्क का पता लगाने के बाद अब पुलिस हवाला के नेटवर्क को तोड़ने की तैयारी में जुटी है। पुलिस की एक्सपर्ट टीम खुफिया एजेंसियों की मदद से फाइनैंशियल ट्रेलिंग कर रही है। जांच में पता चला था कि पाकिस्तान में बैठा मास्टरमाइंड सरदार जासूसी करने वाले गुर्गों को हवाला नेटवर्क के जरिए पंजाब रूट से रकम भेजता था। आरोपी करीबी, दुकानदार और मनी ट्रांसफर सेंटरों के खातों में रकम मंगाकर उनसे नगद लेते थे।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पंजाब के हवाला नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस को उन खातों की जानकारी जुटानी होगी, जिनमें रकम हवाला के जरिए आती थी। इसके लिए पुलिस की एक टीम आरोपियों के बताए अनुसार उन दुकान, करीबियों और मनी ट्रांसफर सेंटरों को चिह्नित कर रही है। इनके खातों की स्टेटमेंट से पंजाब का कनेक्शन चिह्नित किया जाएगा।



