
Palamu: मुहर्रम जुलूस के दौरान राष्ट्रध्वज के साथ छेड़छाड़ (National flag tampered with during Muharram procession)का मामला सामने आया है। इस सिलसिले में शुक्रवार को एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ। मामला पुलिस के संज्ञान में भी चला गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। मामला जिला मुख्यालय मेदिनीनगर से सटे चैनपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर-कंकारी से जुड़ा है। नौवी के जुलूस के दौरान ऐसा कुछ देखने को मिला है।

बताया जाता है कि शुक्रवार पूर्वाहन में कल्याणपुर-कंकारी में मुहर्रम पर नौवी का जुलूस निकाला गया था। जुलूस में कई प्रोसेशन शामिल थे। डीजे बजाए जा रहे थे। जुलूस के दौरान राष्ट्रध्वज भी लहराया जा रहा था, लेकिन उसके साथ छेड़छाड़ कर दी गई थी। राष्ट्रध्वज के रंग तो संबंधित थे, लेकिन उजले रंग की पट्टी के बीच होने वाले अशोक चक्र को हटा दिया गया था। उसकी जगह उर्दू के कुछ शब्द लिखे गए थे और नीचे में तलवार का निशान बना दिया गया था।

आस पास के लोगों ने जब तिरंगे में बदलाव देखा तो उसकी तस्वीरें ले ली और उसे सोशल मीडिया में वायरल किया। हालांकि तबतक इसकी सूचना पुलिस को मिल गई थी। सहायक पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चैनपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर में पूर्वाहन के समय मुहर्रम जुलूस के दौरान ऐसी सूचना मिली थी।
पुलिस टीम भेजकर जांच करायी गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। फोटो से पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। वीडियो फोटो मिलने पर मामले में शामिल लोगों को चिन्हित कर सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज के साथ छेड़छाड़ कानून जुर्म है। (HS)



