Deoghar : देवघर नगर थाना क्षेत्र के सिंघवा के पास रेलवे ट्रैक पर मंगलवार देर रात बरामद महिला के क्षत-विक्षत शव की पहचान बुधवार शाम को परिजनों ने की। मृतका की पहचान नगर थाना क्षेत्र के बेलाबगान दुर्गाबाड़ी निवासी 70 वर्षीय गीता देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मंगलवार देर रात नगर पुलिस ने रेलवे ट्रैक से महिला का शव बरामद किया था।

ट्रेन से कटने के कारण उसकी मौत हुई थी।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया और पहचान कराने में जुट गई थी। बुधवार शाम को परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और शव देखकर उसकी पहचान की।

इसके बाद नगर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के अनुसार, गीता देवी मंगलवार शाम बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। इसके बाद वह वापस नहीं लौटीं।
बुधवार को पुलिस से सूचना मिली कि सिंघवा रेलवे लाइन से एक महिला का शव बरामद कर सदर अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान की। इधर, नगर पुलिस मामले की जांच में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में महिला रेलवे ट्रैक तक पहुंचीं।



